गर्मी के दोपहर के बाद का वक्त था। दादी की बरसी होने के कारण आज दीपू के पिता ने उसे स्कूल से छुट्टी दिला रखी थी। कल से ही उसके घर उसकी छोटी बुआ और उसके बच्चे आये हुए थे। बुआ का बड़ा बेटा राजेश उससे करीब साल भर छोटा होगा, उससे उसकी खूब जमती थी। दीपू सातवीं में पढ़ रहा था और बुआ का बेटा छठी कक्षा में। दोनों ने आज साथ बैठ खाना खाया और दोनों अपनी अपनी थाली कटोरी ले कर घर के कुँए के पास आये। बाल्टी में पहले से थोड़ा सा पानी था उससे दीपू ने अपने हाथ धोये और राजेश को भी धुलवाया। फिर उस छोटे घेरे वाले कम गहरे कुँए में उसने रस्सी बाल्टी डाल ताजा पानी खींचा। एक प्लास्टिक के डब्बे में राख और निरमा पाउडर मिक्स करके रखा हुआ था, उससे रगड़ कर दोनों ने अपने-अपने बर्तन धोये। दीपू के पिता रमणजी अनुशासन के मामले में बहुत कड़क थे। बच्चों को अपने कपड़े, बर्तन खुद धोने, बिस्तर खुद लगाने और समेटने का उनका नियम भंग करने वाले को उनका कोपभाजन बनना पड़ता था।
आज उसके पिता ने धोती-बनियान पहन कर कुछ पूजा, नियम किया था और ताजे पत्ते के बने दोनो में कुछ खाद्य सामग्री कुँए के पास की झाड़ी के पास रख दिया था। राजेश की नजर उन दोनों पर गयी तो देखा एक गिरगिट उनमें से एक दोने में रखे पानी को पी रहा था। उसने दीपू को भी इशारे से देखने को कहा। दीपू ने भी देखा कि गिरगिट दोने में सिर डालकर पानी पीता फिर सिर उचका कर आँखे घूमा कर इधर उधर देखता। दोनों बच्चे उसके काफी पास थे फिर भी गिरगिट चौकन्ना तो था लेकिन अपने काम में व्यस्त था। दीपू को लगा कि उसकी दादी के नाम से दिए गए खाना-पानी को एक जानवर कैसे खा या जूठा सकता है। वह दौड़कर घर के अंदर गया और अपनी माँ को ये बात बताई। उसकी माँ ने अपनी ननद की ओर देखकर मजाकिये लहजे में बोली-"देखिए, रूपन जी आपकी माँ क्या रूप धरकर उनको लगाया गया भोग खाने आयी है। और कोई जोनि नहीं मिला तो......गिरगिट......हाहाहाहा"
रूपन बेचारी अपने नौकरीशुदा बड़े भाई की पत्नी को क्या जवाब देती। तीन बहनों और एक भाई में वह सबसे छोटी थी। उसके पति पोस्ट ऑफिस में पियून थे लेकिन किसी के मनीऑर्डर के पैसे हड़पने के आरोप में निलंबित थे। उनका कहना था कि गबन पोस्टमास्टर ने किया है और उनको फंसा दिया गया है। पोस्ट विभाग के बड़े साहब भी पोस्टमास्टर की बिरादरी के हैं तो इनको बलि का बकरा बना दिया गया। फिलहाल उनका केस कई वर्षों से विचाराधीन था और इन सबसे उनकी माली हालत बेहद खराब हो चुकी थी। रूपन तो अपने बड़े भाई से बरसी के रस्म के बाद बिदाई के समय कुछ मदद माँगने की भी आस मन में लिए हुए आई थी। इसलिए भाभी के भद्दे मजाक पर भी मन मसोस कर चुपचाप सिर झुकाकर खाना खाती रही। वह सोंच रही थी कि अगर बड़ी दीदी के सामने भाभी ने यही बात की होती तो दहला जवाब मिलता। इसी चलते तो उसका कई बार भैया भाभी से जुबानी जंग हुआ है और आज भी वो इसी चलते नहीं आयी होगी और मझली को भी नहीं आने दिया होगा। वो तो आखिरी बार माँ के क्रिया-कर्म के समय ही यहाँ आयी थी, तब भी तो खटपट हुई थी।
उसकी माँ जब बहुत बीमार हो गयी थी तब तीनों बेटियों को बुला भेजा था। तीनों आयी थी, सभी ने उसकी यथासंभव सेवा की। बहुत दिन बीमार रहने से उनका मुँह का स्वाद जाता रहा होगा तो अजीबोगरीब और दुर्लभता से प्राप्य चीजें खाने की फरमाइश करतीं, जैसे- कुटुम्बा फल की भुजिया, सुनसुनिया साग, बेन्ग साग, कटई माड़ झोर, चकोड़ डबकल, मुनगा डबकल या मुनगा पात भुंजल इत्यादि। मझली पाक कला में बहुत निपुण है तो बड़ी दीदी कहीं से अरेंज कर वो वस्तुएं ला देती और मझली बना देती। रमणजी भी बहनों के सौजन्य से इन विशिष्ट खाद्य पदार्थों का सेवन करते और याद करते कि जब माँ बाबूजी का समय था तो माँ कहाँ कहाँ से ढूंढ के ये और न जाने दूसरी कितनी वस्तुएं कितने प्यार से बनाकर खिलाती थीं। रमणजी की शादी के बाद सारा दृश्य बदल गया। खुद को बड़े घर, ज्यादा संस्कारी और सभ्य महिला समझनेवाली गर्वीली महिला के आगे उनकी एक न चलती । धीरे-धीरे वो पत्नी के आगे आत्मसमर्पण करते गए और कैसे अपने बहनों से दूर होते गए पता भी नहीं चला। बड़ी बहन और मझली को अपना गृहस्थी भी देखना पड़ता था तो कुछ दिन बीमार माँ के साथ रहकर वापस चली जाती थीं या बारी-बारी से आती थीं।
रूपन के पतिदेव को कोई आपत्ति नहीं थी बल्कि गाहे बगाहे ससुराल से कुछ मदद मिल जाया करती थी इसलिए वो रूपन को वहीं रहने की इजाजत दे देते थे। यहाँ तक कि अपने बच्चों की देखभाल भी खुद कर लिया करते थे। इसलिए रूपन दिन- रात माँ के साथ रहती और एक हाँक पर दौड़ कर उसकी सेवा करती। उनको उल-जलूल खिलाते देख और पति को भी उनका साथ देते देख भाभी नाक-भौं सिकोड़ने लगती और एकांत में पतिदेव की जमकर क्लास लेतीं। कभी कभार परिचित लोग बीमार बुढ़िया से मिलने आते तो श्रीमती जी उलाहने के स्वर में बोलती- "इनके खाने के लिए दूध, मेवा, फल और एक से एक बढ़िया चीजें दीपू के पापा ला दें, लेकिन इनको अनूठे जंगली चीजों से ही लगाव है।"
बीमार माँ बोल उठती- "जो चीज बचपन, जवानी और अपने सवांग ताकत रहते खाती आयी हूँ, मरते वक्त उनसे कैसे विरक्त हो लूँ।" फिर बेटे की तरफ पैनी आंखों से देखकर कटाक्ष करतीं-"जियत पिता के पूछत नाहीं बात, आउर मरल पिता के दूध और भात।" रमणजी बगलें झांकने लगते।
रूपन आज माँ की बरसी पर खाना खाते वक्त दिवंगत माँ के उस बात को याद कर अपने आँसू रोक नहीं पाई और जैसे तैसे खाना खत्म कर घर के कामों में जुट गई। भाभी को भी रूपन के आने से बहुत आराम हो जाता था। लगभग सारे काम निपटाने के बाद रूपन भाभी के बुलाने पर उनके कमरे में गयी। बड़े भाई आरामकुर्सी पर बैठ लकड़ी की छोटी पुरानी मेज पर पाँव रख बीड़ी पीते हुए कोई उपन्यास पढ़ रहे थे । रूपन खाँसती हुई आयी और भाभी के इशारा करने पर भाभी जिस चौकी (लकड़ी के खाट) पर लेटी हुई थी उसके पाए की तरफ बैठ गयी। उसने बिन बोले भाभी के पैरों को अपनी गोद में लिया और जैसे माँ के पैर हौले हौले प्यार से दबाती थी वैसे ही दबाने लगी। भाभी ने बोला -"रूपन, देखिए न बहुत से पुराने साड़ी और कपड़े जमा हो गए हैं। आज तो बहुत थक गई हूँ, कल सुबह निकाल दूँगी। उनमें से एक-दो साड़ी अपने इस्तेमाल के लिए छांट लीजियेगा और बच्चों के कपड़ों में से राजेश छोटी के काम लायक कुछ कपड़े भी निकल आएंगे। इनके कुछ पुराने बुशर्ट और पैंट भी हैं जो टेलर से थोड़ी बहुत फिटिंग करा के नन्दोई जी के काम आ जायेंगे"। रमणजी ने उपन्यास साइड में रखा और बीड़ी बुझाते हुए कातर नजरों से पत्नी की ओर देखा लेकिन उसकी तेज नजरों का सामना नहीं कर पाए। उन्होंने एक दया वाली दृष्टि से अपनी छोटी बहन की ओर भी देखा लेकिन अपनी असहायता से विवश हो उन्होंने खुद ही अपनी नजरें फेर लीं और बीड़ी के बण्डल से एक बीड़ी खींच उसे दियासलाई से जलाने लगे। बीड़ी के एक लम्बे कश के बाद छोड़े गए धुँए के छोटे बादल में उन्हें अपनी माँ की झुर्रीदार चेहरे का आभास हो आया जो जीवित होतीं तो रूपन और बच्चों को नए कपड़े दिलाने का अधिकारपूर्ण आदेश देतीं और अगर श्रीमतीजी चूँ-चाँ करतीं तो अपने वृद्धावस्था पेंशन की रकम से उनको खरीद कर देतीं।
अगले दिन सुबह दीपू जब स्कूल जाने की तैयारी कर रहा था लगभग उसी समय उसकी फुआ रूपन के बच्चे भी तैयार हो रहे थे। बरामदे से लगे बैठक घर में पुराने कपड़ों का ढेर लगा था जिसमें से उसकी फुआ कुछ कपड़े छांट कर अलग कर चुकी थी और बाकी बचे कपड़े समेट कर अन्दर रखने जा रही थी । दीपू की माँ ने रमणजी से कहा-"देखिए न जी, मेरे कितने रोकने के बाद भी रूपन जाने की जिद कर रही है। मैंने तो इनसे बोला भी कि अभी कुछ दिन और रह लीजिये। इन पुराने कपड़ों को साट कर कुछ लेदरा-कांथा (गुदड़ी) भी बना देतीं, कितना अच्छा तो लेदरा सीती हैं ये।"
भाई के प्रश्नवाचक नजर का जवाब देते हुए रूपन बोली-"राजेश के पिताजी की तबीयत कुछ ठीक नहीं है। बगल गांव के बंगाली डॉक्टर से दिखाया था, सुई-दवाई दिया था। कमजोरी ज्यादा है बोल के एक बोतल पानी भी चढ़ाया। कुछ दिन ठीक रहे, फिर अब वापस दर्द बुखार उठ रहा है। ब्लॉक के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नहीं था। दो बार गए नहीं मिला। लोगों ने बताया कि कंपाउंडर साब डॉक्टर से भी अच्छा इलाज करते हैं तो उन्हीं को दिखलाया। इलाज के लिए उन्होंने अपने घर बुलाया और सरकारी और प्राइवेट मिक्स दवाई दिया। अभी दवाई चल ही रहा है। इधर बरसी में आना जरूरी था तो उनको वैसे ही छोड़कर आ गयी। पता नहीं कैसे हाल में होंगे। जाना जरूरी है दादा।"
रमणजी और उनकी पत्नी निरुत्तर हो चुके थे।
रमणजी बोले-"चलो तुम्हें बस या टेकर जो भी पहले मिल जाये उसमें बिठा देता हूँ। फिर दीपू और उसकी बहन को स्कूल छोड़ते हुए मैं भी ड्यूटी में चला जाऊंगा"।
रूपन के बच्चों को उनकी मामी विदाई के वक्त पैसे पकड़ा रही थी। राजेश को बीस रुपये दिए और दोनों छोटी लड़कियों को दस-दस रुपये।
फीका, उदास, चिंतायुक्त चेहरा लिए रूपन ने जब भाभी-भैया के पैर छुए तो बड़े भाई ने शर्ट की जेब पहले से ही देने के लिए मोड़कर रखे हुए कुछ नोट रूपन को पकड़ाए और दबी आवाज में बोले-"लो, रास्ते का खर्च।"
रूपन ने सौ-पचास के मुड़े नोट खोलकर गिने तो वे करीब चार सौ रुपये थे। उसने कलेजा मजबूत कर साहस जुटाया फिर भी धड़कते हुए हृदय से काँपते स्वर में बोल पायी-"उनके इलाज के लिए कोई सात सौ रुपये कर्ज लेने पड़े हैं और ऊपर से घर का जो बचा खुचा जमा पूंजी था वो भी खर्च हो गया। अभी मनरेगा का कोई काम भी नहीं चल रहा है नहीं तो मजदूरी के कुछ पैसे आ जाते। राशनकार्ड बना हुआ है तो महीने का कुछ अनाज मिल जाता है........ थोड़ी सी खेती के उपज का अनाज बहुत हिसाब से बचा के रखें हैं तो मिला जुला के किसी तरह आपके भगिना-भगिनी लोग को माड़-भात खिला ही देते हैं, कभी भूखा नहीं रखे हैं आजतक।" इतना कहते कहते उसका गला रुंध आया, अब उससे आगे कुछ बोला नहीं जा रहा था। उसने किसी तरह खुद को संयत किया फिर आगे बोली-"ये आपलोगों के दया और आशीर्वाद से स्वस्थ हो जायें तो मेरा बहुत सहारा हो जायेगा। अब तो माँ-बाबूजी नहीं रहे, आप दोनों ही मेरे माँ बाबूजी हैं।" इतना बोलते ही वो रोती हुई लगभग भाई-भाभी के कदमों में गिर पड़ी।
वहाँ खड़े सारे बच्चे रुआँसे हो गए थे, रमणजी की भी आंखें डबडबा गयीं थीं। उन्होंने अपनी बहन को उठाकर कहा-"अरे छोटी, कुछ कहोगी भी कि कितना मदद चाहिए। देखो मैं भी परिवार वाला आदमी हूँ। शहर का खर्चा तो तुम जानती ही हो, फिर भी जितना बन सके मैं करूँगा।"
तभी भाभी बीच में टपक पड़ी-"अरे, इनका तो लगा ही रहता है। कोई आज का नया थोड़े ही है। अब आपने और ससुरजी ने अच्छा खासा घर देख लड़की शादी कर दी थी फिर उसकी किस्मत जाने, हमने थोड़े न ठेका ले रखा है।"
रमणजी ने दुःख और क्षोभ से कहा-"बस करो भागवान! सगी बहन है और हालात से लाचार है, ऐसे ही छोड़ थोड़े न दूंगा। लोक लाज जाने दो लेकिन ऊपरवाला भी तो देख रहा है न।"
फिर वे तेजी से घर के अंदर गए और सन्दूक खोली। श्रीमती जी भी दनदनाती हुई अन्दर आईं। दोनों में कुछ खुसर फुसर हुई। फिर बाहर पहले रमणजी आये और पीछे से श्रीमतीजी। रमणजी ने रूपन के हाथों में गिन कर चार सौ रुपये और पकड़ाये। रूपन के चेहरे पर कुछ आत्मविश्वास, उम्मीद, और कृतज्ञता के मिले जुले भाव आ रहे थे।
दीपू जो वहीं खड़ा था, अब सातवीं कक्षा में पढ़ता था इसलिए थोड़ी बहुत समझदारी उसमें भी आने लगी थी। उसे याद आया कि डेढ़-दो महीने पहले उसके मौसा जी एक जमीन का प्लाट खरीदने के लिए मदद माँगने आये थे। महंगी अंग्रेजी शराब और नॉन-वेज खाने से उनका स्वागत किया गया था। उनको 80 हजार की जमीन में कोई 17 से 18 हजार रुपये कम पड़ रहे थे। उसके पापा बैंक से पैसे निकालने जा रहे थे तो मम्मी ने टोका था-" कितना मदद देने की सोंच रहे हो जी।"
रमणजी ने जवाब दिया था-"जितने की उनको जरूरत है उतना तो देना ही है।"
"अरे तो 20 हजार ही दे देते न। पता नहीं कब घटी-बढ़ी की जरूरत लग जाये। जानते ही हो जमीन मिलना कितने भाग्य की बात है और साढ़ू भाई तो सगे भाई से भी बढ़कर होता है।" मम्मी ने पापा को समझाते हुए कहा था।
मौसा जी उनके घर से 20 हजार रुपये खुशी-खुशी लेकर चार-छह महीने में लौटाने की बात कह के लौट गए थे।
दीपू के पापा जब उसकी बुआ को गाड़ी बैठाने आये तो थोड़ी ही देर बाद एक सवारी गाड़ी उनलोगों के पास आकर रुकी। रमणजी ने झटपट पैंट की पिछली पॉकिट से पाँच सौ के दो नोट निकाले और रूपन के हाथ में थमा दिया। रूपन अभी किंकर्तव्यविमूढ़ सी खड़ी ही थी कि रमणजी ने अपने बहन के बच्चों को फटाफट दोनों बाहों से उठाकर गाड़ी में चढ़ाया और उनके थैले सामान सभी गाड़ी में रख दिया। रूपन भी गाड़ी में चढ़ने को हुई लेकिन अचानक पीछे मुड़ दौड़ कर भाई के सीने से लिपट गयी। उसे लगा जैसे वह अपने पिता के छाती से चिपकी हुई है। उसके आंखों से अविरल अश्रू धारा बह रही थी और रमणजी वात्सल्य भाव से बहन के सिर को धीमे-धीमे सहला रहे थे। तभी गाड़ी का ड्राइवर जोर जोर से हॉर्न बजाने लगा तो रमणजी ने अपनी बहन को अपनी बाहों से अलग कर गाड़ी में बैठने को कहा।
कुछ पलों में दीपू और उसकी बहन हाथ उठा कर बाय-बाय कर रहे थे और रूपन और उसके बच्चे भी दूर जाती गाड़ी से हाथ बाहर कर हवा में लहरा रहे थे। रमणजी के चेहरे का अपराधबोध अब जाता रहा था और उसकी जगह पितृत्व और करुणा का पावन भाव उमड़ रहा था। उनके होठों पर अब आत्मसंतोष और जिम्मेदारी से उपजी मृदु मुस्कान तैर रही थी।
इति
***********************
-परमेश्वर प्रमाणिक 'संजय'
No comments:
Post a Comment