Friday, August 16, 2019

मित्र मिलन

हाथ से फिसलती रेत की तरह,
वक़्त गुजरा जाता है,
नामुराद ये किसी की मुट्ठी में,
बंधा कहाँ रह पाता है।

कैसी भी हो जिंदगी सबकी,
बसर तो हो ही जाती है,
कौन किस हाल में है दोस्त,
ये खबर तो हो ही जाती है।

कोई भी फासला रोक नहीं पाता,
मिलना चाहो गर दिल से,
देख लो मीलों की दूरियां,
तय तो घड़ी भर में हो ही जाती है।

*************************

कतरे कतरे कर सँजोया हुआ,
यादों का गुलदस्ता भी,
स्नेह की नमी न मिलने पर,
अक्सर मुरझा जाया करता है।

जेठ के तीखे घाम से बचाती है,
आत्मीयता की शीतल छाया,
बिना छाँव के तो बटोही भी लू से,
पलछिन में बिखर जाया करता है।

**************************

अपनी अपनी जिंदगी में उलझे हैं,
यूँ तो सभी ही,
पर अपनों से मिलकर जैसे,
कायनात ठहर जाती है।

हमेशा मुमकिन न हो तो भी,
मिल लो दोस्तों से कभी कभार ही,
क्योंकि ऐसी मुलाकातों से ही तो,
खुशियाँ और निखर जाती हैं।

...........................................

-परमेश्वर प्रमाणिक 'संजय'

No comments:

Post a Comment