Friday, August 16, 2019

होली की खरीदारी

होली की खरीदारी:

"ले लो साब! बहु सारू छे।"
मुझे उधेड़बुन में देख महिला ने मुझसे आग्रहपूर्वक कहा।
मैंने अलग अलग रंगों के कुछ अबीर के पैकेट लेने के लिए छांट लिए थे, लेकिन अभी कुछ तय नहीं कर पा रहा था।
मेरी बेटी भी उत्सुकतावश कुछ पूड़ियों को टटोल रही थी। बेटे महाराज साइड पकड़ लिए थे कि पापा कैसे सब स्टैंडर्ड लो क़्वालिटी वाले दुकान के पास ले आये हैं।
इसी बीच हमारे अलावा दूसरे भी कुछ लोग और एक कामकाजी सी दिखने वाली महिला स्कूटी रोककर उस महिला दुकानदार के वस्तुओं की पड़ताल की और दाम की पूछताछ करते दिखे। फिर थोड़ी देर में वे लोग बिना कुछ खरीदे आगे बढ़ गए।
मेरी नजरें कुछ तलाश रहीं थीं, जो मुझे दिख नहीं रहा था।
मुझे अभी भी अनिर्णय की स्थिति में देख उस महिला के अधेड़ सास ने भी गुजराती में मुझसे कुछ कहा, जिसका आशय मैंने यह निकाला कि वो अपने चीजों के अच्छी गुणवत्ता के होने की वकालत कर रही है। तब मैंने गुलाल की एक बड़ी पुड़िया का दाम पूछा जिसका दाम महिला ने गुजराती में बताया।
"दोड़ सो में लेई जाओ" फिर उसने मुझे कहा।
मैंने पूछा- कितना बोल रही हो? डेढ़ सौ?
उसने कहा- बो सो।
उसके गैर-पेशेवर व्यापारिक व्यवहार और स्थितिजन्य मौकापरस्ती पर मैं धीमे से मुस्कराया।
मैंने फिर स्पष्ट करने के लिए पूछा- "डेढ़ सौ या दो सौ?"
वो बोली- "आपसे पहले जो काका आये थे उनको बो सौ बोला था लेकिन अभी वो चले गए हैं तो आप डोड़ सो दे दो।"
मैंने कन्फर्म करने के लिए फिर पूछा-"डोड़ मतलब एक सौ पचास ही न।"
तबतक उस महिला की सास दुकान से हटकर बगल की जमीन पर नीचे बैठ गयी थी। तभी मेरे नजरों की तलाश खत्म हो गयी, काली फ्रॉक वाली ड्रेस पहने एक बच्ची शायद पास के ठेले से सस्ती सॉफ्टी खरीद लायी थी और अब दादी के गोद में बैठकर आराम से सॉफ्टी खा रही थी। मुझे दो दिन पहले की घटना याद हो आयी। उस दिन ऑफिस में काफी लेट हो गया था। पौने आठ बजे ऑफिस से निकला तो चकली सर्कल पे काफी ट्रैफिक था। सड़क के दोनों ओर होली के सामग्रियों से सुसज्जित अस्थायी दुकानों की कतार लगी हुई थी।
इन भारी भरकम दुकानों से अलग एक पेड़ के नीचे एक महिला ठेले पर कुछ रंग अबीर गुलाल की पुड़िया सजा रही थी और ठीक उसके पीछे एक बकरी बंधी हुई थी। वहीं पेड़ से संटे उनके बर्तन पानी के डब्बे भी रखे हुए थे। उसी के पास जमीन पर गेहूं या चावल के प्लास्टिक की बोरी बिछाकर यही नन्ही बच्ची लेटी हुई थी। नींद में बेसुध, मासूम उस बच्ची को देख सहसा अपनी बिटिया की याद हो आयी थी मुझे। घर पर अगर हम सोने में देरी करते हैं तो मेरी बिटिया भी सोफे पर या पढ़ाई करते करते पलंग पर जैसी तैसी मुद्रा में ही सो जाती है।

तो मैंने तय किया था कि होली के ये सामान मुझे कहीं न कहीं से खरीदने ही हैं तो क्यों न इनसे ही खरीद लूं।
अब मैं पर्स से डेढ़ सौ रुपया निकाल कर महिला को देते हुए पूछा- "ये बकरी अपने साथ क्यों लायी हो?"
उसने कहा - "दूर गांव से आये हैं, घर में ताला लगाकर तो इसकी देखभाल कौन करता, इसलिए इसे भी लेते आये।"
मैंने बोला "बच्ची को बुलाओ, देखो उसकी दीदी यानि मेरी बेटी के साथ एक फोटो खिंचा ले।"
उसने अपनी बच्ची को आवाज दी, तो मैंने उनकी तस्वीरें लीं।
अब बेटे जी जो साइड में खड़े थे उन्हें संबोधित कर बोला "चलो भाई, बाजू के दुकान से कुछ और ले लें।"
रास्ते मे उसे मैं बतलाते जा रहा था - देखो, ये लोग मेहनत कर के खा रहे हैं, वरना अभी गाँव में होता तो कुछ निकम्मे पियक्कड़ सलामी ठोंक के दारू पीने के लिए जबरदस्ती दो सौ रुपये ऐंठ कर चले जाते। उनसे पिंड छुड़ाने के लिए अनमने मन से पैसे देने भी पड़ते कि वो कुत्ते की तरह पीछे पड़ के जी का जंजाल न बन जाये और इज्जत का कचरा न कर दे। उनसे तो ये अच्छे तो ये खुद्दारी वाले लोग हैं, जो रोजगार करके जी खा रहे हैं, भले ही इनमें वो व्यावसायिक गुण न हो। इसने पैसे कम लिए या ज्यादा वो तो पता नहीं, लेकिन आज हमारे पैसे सही जगह खर्च हुए हैं।
बेटे जी ने सहमति में हाँ बोलते हुए सिर हिलाया तो तसल्ली सी हुई।

फिर बाजू के एक दुकान से थोड़े दूसरे रंगों के अबीर भी लिए जो कि मेरी बेटी के पसंद के थे और जो कलर उस महिला के पास उपलब्ध न थे।
अब हमलोग बाकी की खरीदारी के लिए डी-मार्ट की तरफ निकल पड़े।

इति

No comments:

Post a Comment