Friday, August 16, 2019

आग्रह

कभी कुछ नहीं माँगती वह
कभी कुछ नहीं बोलती वह
बिल्कुल अजनबी भी नहीं
जान पहचान तो पुरानी है।

देखा है कई बार चुपके से उसे
पर कभी आंखों में नहीं भर पाया
धीरे से फिसल जाती है हर मर्तबा
आँचल छुआती करीब से
उस बर्फ की गर्मी को कभी
मैं महसूस नहीं कर पाया।

शाख पर खिले दो फूलों को देख,
आहिस्ते से जब मुझे मुस्कराता पाया
पानी की कलसी, खाद की पोटली
बाजू में रख गयी थी।
फूलो से देर तक गुफ्तगू करते हुए,
मैंने उनको भी उसी को तकता पाया
चौखट पे बैठी उसके दमकते चेहरे ने बताया
काफी वो थक गयी थी।

कोई गुजारिश कोई ख्वाहिश
कोई आग्रह नहीं थी
उसकी सूनी आंखों में,
दग्ध सा महसूस किया
मैंने हृदय अपना
उसके उदासीनता के
सुलगते पैने सलाखों से।
आग्रह हक का
मैं उससे माँगता
या वो मुझसे चाह रही थी,
कुसुम की वह खुशबू
जो बृंदावन पहचान ले
क्या वो रिश्ता निबाह रही थी।

बड़ी हिम्मत जुटाकर पूछा था उससे
कौन हो तुम?
उसकी बोलती आँखों ने
डबडबायी लबों से,
संदेशा कहलवाया
"जिसे तुम कभी पढ़ नहीं पाए
वो अधूरा किस्सा हूँ मैं,
झाँको गर अपने अंदर तुम
पाओगे कि
तुम्हारा ही हिस्सा हूँ मैं,
आधा ही सही.........

-परमेश्वर प्रमाणिक 'संजय'

No comments:

Post a Comment