Friday, August 16, 2019

फुआ का गाँव


पहाड़ियों की तलहटी पर बसा ये छोटा सा गांव मायपा, ऊपर कोटा गांव से नीचे स्थित है और नदी पार के सरजोमडीह गांव से निकट है जो सबसे नजदीकी हाट भी है। गांव की निचली ढलान पर एक पक्की नहर और उससे कुछ दुरी पर कांची नदी बहती है। नहर के मेड़ पर बनी सड़क ही आवागमन का प्रमुख मार्ग है जो मरम्मत और रख-रखाव के आभाव में जर्जर, जीर्ण-शीर्ण और अगम्य सी हो गयी है फिर भी इसपर चलना मजबूरी है।

नहर के ऊपर बने पुल को पार कर जब गाँव में प्रवेश कर रहा था तो देखा कि नहर में पानी नहीं है। फिर भी मुझे उसे देखते ही पुरानी यादें ताज़ा हो आयीं। ऐसा लगा जैसे दूसरे बच्चों के साथ मैं भी नहर के ऊपर के पुल के पीढ़े पे खड़ा होकर आती हुयी बहाव के और छलांग लगाने वाला हूँ। पानी में गिरते ही, हथेलियों का चप्पू चलाते हुए पुलिया की अर्ध अँधेरी रहस्यमयी सी गलियारे को तैरकर पार करते समय कुछ काल्पनिक अनिष्टता से डरने वाला हूँ। जैसे ही पुलिया पार कर खुले रौशनी में आऊंगा, शरीर को नहर के बहाव का प्रक्षेपण देकर किनारे की ओर जाऊंगा। गीले पैरों से सीमेंट के बांध पे फिसलते, गिरते, संभलते चढ़ जाऊंगा और फिर वापस पुलिया के उस पर से दूसरी छलांग के लिए तैयार.......

फिर जब उन पहाड़ियों की श्रृंखलाओं को देखता हूँ तो आज फिर उन पेड़ो पर चढ़ के क्योंद और पियार के मीठे जंगली फल अपने हाथों से तोड़ खाने को जी हो आता है। नीचे कांची नदी को देखा तो आँखें पानी की उन पतली धारों को ढूंढ रही थी जो विस्तृत रेत की चादर पर मचलते हुए आड़ी तिरछी बहा करती थी। वहीं गांववाले नदी के बालू को किनारे पे बांध कर अस्थायी तालाब बनाते थे जो स्वच्छ पारदर्शी पानी से भरा होता था। लेकिन इस बार तो बहती हुयी कोई धार नज़र नहीं आई, पूरी की पूरी नदी सूख चुकी है । ठीक वैसे ही पहाड़ियों के ऊपर के जंगल कम घने हो चले हैं, लोग बताते हैं कि जंगल में आग लगी थी उसी से जंगल कम घना हो गया है।

जंगल की आग या लोगों के स्वार्थ की आग, पता नहीं पर शायद उनमें से ही किसी मुए आग ने भी कांची नदी के पानी को भी सुखा दिया होगा।

लेकिन जिस तरह आज से एक दशक पूर्व स्वर्गवासी हो चुकी मेरी फुआ की यादें मेरे दिल में बावस्ता हैं, वैसे ही कांची नदी भी कभी जलरहित नहीं हो सकती। लोग इसके बालू को कुरेद कर पाट में गड्ढा बनाते हैं जो तुरंत निर्मल शुद्ध जल से लबालब हो उठता है। कोई कह रहा था कि ये भूमिगत जल ऊपर के वनों से रिस कर इस नदी के अंदर आता है।

शायद मेरे अंदर भी कोई वन है, जिसमे बहुत से बारिशों का पानी इकठ्ठा हुआ पड़ा है। इस बार मैंने अपने फुआ के गांव में अपने दिल के पाट से कुछ बालुओं को कुरेदा है और छिपे हुए सोते से कुछ जलधारा को आँखों के रस्ते से बाहर आते हुए महसूस किया है।

अभी और भी ऐसे गाँव और ऐसे रिश्ते हैं, जहाँ मुझे जाना है; बालुओं को कुरेदना है और अंदर बहते पानी के सोते को बाहर निकालना है। शायद अगली छुट्टी में......….....

इति

-परमेश्वर प्रमाणिक 'संजय'

No comments:

Post a Comment