"क्या कर रही हो माँ, जल्दी खाना परोसो। जोर की भूख लगी है।" रूबी ने स्कूल का बस्ता मिट्टी के पीढ़े पर पटकते हुए माँ से कहा। दीवाल पर सोहराई की चित्रकारी करती हुई तरणी अपने काम में बहुत तल्लीन थी। एक चित्र के खाके में वह बहुत सावधानी से रंग भरती जा रही थी । मिट्टी के दीवाल पर तस्वीर का वह भाग अब वह पूरा करने ही वाली थी कि बेटी की आवाज से उसकी तंद्रा टूट गयी।
"रूबी बेटा, जाओ बस्ता घर के अंदर रख दो और कुएं से हाथ-मुँह धो कर आ जाओ। आते समय एक बाल्टी पानी भी लेती आना। तबतक मैं थोड़ी रंगाई का काम और पूरा कर तुम्हारे लिए खाना निकाल दूंगी।"
रूबी झटपट स्कूल का बस्ता घर के अंदर रख आयी और रस्सी बाल्टी लेकर पास के सरकारी कुएं की तरफ इठलाती गुनगुनाती हुई चली गयी।
चेहरे पर झुक आये बालों के लट को रंग सने हाथों से सुलझाती तरणी अपनी बेटी को जाते हुए कुछ पल तक देखती रही फिर अपने काम में लग गयी। वो सोंचती जा रही थी कि इस साल रूबी पाँचवी कक्षा में चली गयी, अगले साल उसको पास के गाँव में नए खुले प्राइवेट स्कूल में दाखिला दिलाने से अच्छा रहेगा। वो पढ़ने में भी तो बहुत अच्छी थी। टीचर दीदी उसकी बहुत तारीफ किया करती थीं- "देखो तरणी, तुम्हारी बेटी बहुत अक्लमंद और मेहनती है। अगर इसपर अच्छे से ध्यान दो तो आगे चलकर ये जरूर अपने पैरों पर खड़ी होगी और तुमलोगों का नाम रोशन करेगी ।"
टीचर से उसकी तारीफ सुनकर तरणी फूली नहीं समाती थी। वह खुद भी सातवीं कक्षा तक पढ़ी हुई थी । उसके शिक्षक भी उसे बहुत स्नेह और प्रोत्साहन देते थे क्योंकि वो भी पढ़ने में काफी होशियार थी। हाई स्कूल गाँव से दूर होने के कारण आगे की पढ़ाई के लिए उसके माता-पिता तैयार नहीं हुए । पढ़ाई छूटने के बाद दो साल घर में रहकर उसने खेती गृहस्थी के काम बखूबी सीख लिए थे। इसी बीच उसके मौसा जी शादी का एक अच्छा प्रस्ताव लेकर आये। मोहन उनके मौसा के गांव का एक भला लड़का था जो उस वक्त के गाँव के आम लड़कों से उलट बहुत संजीदा, जागरूक और आधुनिक सोंच का युवा था। नियमित रूप से गांव के अखाड़े में जाने के कारण उसका शरीर स्वस्थ, तंदुरुस्त और गठा हुआ दिखता था। वह मैट्रिक पास था और आर्मी, पुलिस की बहालियों में कई बार दौड़ निकाल चुका था लेकिन अंतिम मेरिट लिस्ट में पता नहीं किस कारण से छंट जाता था।
शादी के बाद तरणी उसके साथ उसके घर में रहने आयी लेकिन मोहन के रवैये से लगता था कि वो इस शादी के लिए तैयार नहीं था। शायद वह घरवालों को मना नहीं कर पाया था इसलिए वह अपने आप में बहुत खोया खोया सा रहता था। तरणी अभी अल्पवय थी और अबोध भी। मोहन की उपेक्षा से उसको ज्यादा फर्क नहीं पड़ता था, बस सास के बताए कामों को पूरे जतन से करती । वह हर काम फुर्ती से करती और कभी नहीं थकती। उसके हँसमुख स्वभाव और निर्मल मन का पूरा परिवार कायल हो गया था। ससुर भी उसपर बहुत स्नेह रखते और अपने समधी से उसके गुणवान और अच्छे स्वभाव की भूरी भूरी प्रशंसा करते न थकते। सास ससुर के अलावा मोहन से छोटा एक देवर और दो छोटी ननदें भी थीं। उसे सभी की देखभाल करने में भी बहुत आनन्द आता था। रात को सब काम समाप्त कर, बर्तन बासन धोकर जब वो फ्री होती तो वह सास के खाट पर बैठ उनके पाँव दबाने लगती। उसकी सास बड़े दुलार से उसके माथे को चूमकर बोलती कि "बेटी अब बस कर। सुबह से काम में लगी रहती है जा अब जाकर आराम कर।"
उसे यही "आराम" शब्द बहुत खटकता था। आराम का मतलब, मोहन के कमरे में जाना। वो मोहन जो उसे कभी सीधी आँखों से नजर भर कर भी नहीं देखता था। एक कमरे में होने के बावजूद दोनों में कोई बातचीत नहीं होती थी। हाँ, एक आध बार उसने मोहन को उसे चोरी से देखते हुए महसूस किया था। फिर तरणी उसे पलट कर देखती तो मोहन अनजान बनने का उपक्रम करने लगता जैसे उसने कभी देखा ही न हो। वह अपने पति के प्रति एक अदृश्य लगाव, खिंचाव महसूस तो करती लेकिन मोहन के तरफ से उसका प्रेम कभी प्रतिविम्बित नहीं होता। दोनों एक ही कमरे में सोते लेकिन दो अजनबियों की तरह। काफी देर रात तक और कभी कभी तो पूरी रात तक दोनों सोने की कोशिश करते, पर नींद उनसे उतनी ही दूर भागती। अक्सर तरणी की नई-नई सुहाग की चूड़ियाँ करवट लेते वक्त खनक जाया करतीं। उसके नए पायल भी उनींदी में उड़स-पुड़स होने पर छमक जाया करतीं। इन आवाजों से मोहन के परेशान होने, चिढ़ने और गुस्सा होने का आभास होता लेकिन वह नजरअंदाज कर फिर नींद बुलाने की नाकाम कोशिश करती।
शादी के कुछ दिनों बाद एक दिन सुबह सुबह उसके चाचा उसे मायके ले जाने के लिए आये। खुशी के मारे तरणी कदम जमी पर नहीं पड़ते थे। आज सास के मना करने के बावजूद वो घर के रोजाना के काम बड़ी उत्साह से दौड़-भाग कर, करती जा रही थी। उसके चेहरे की भोली मुस्कान और गुनगुनाते गीत सुन सास भी उसपर बलिहारी जाती थी।
उसे थमता न देख सास ने उसको रोका और बोली- "बेटी, घर के काम भागे नहीं जा रहे हैं। मेरे हाथ पाँव अभी चलते हैं, बाकी काम मैं पूरे कर लूँगी। तू जा और मायके जाने के लिए तैयार हो जा। मोहन को भी तैयार होने बोल दे, उसे भी साथ जाना है।"
मोहन को उस दिन शहर किसी काम से जाना था और अचानक ससुराल जाने की बात से वो चिढ़ सा गया। लेकिन चाचा ससुर आये हुए थे तो अपनी भावनाओं पर उसने बड़े जतन से नियंत्रण रखा। माँ के कहने पर हलवाई की दुकान से संदेश ले जाने के लिए लड्डू भी ले आया और तरणी को देते हुए बोला-"इसे अपने बैग में भर लो और मेरे एक आध जोड़े कपड़े तुम्हारी बैग में अँट सके तो वो भी डाल लेना।"
ससुराल से मिले साईकिल के पैडल मारता वो चाचा ससुर के साईकिल पीछे पीछे चल पड़ा। चाचा की साइकिल के पीछे बैठी तरणी आज तरणी उसे एकटक देखती जाती थी और अनायास ही मुस्कराती जाती थी। पहले तो मोहन उसके ऐसे बेशर्मी से देखने पर खीझ उठा पर बाद में उसकी नजरें भी तरणी पर ठहरने लगीं। दोनों की आंखें बंध सी गयीं थीं कि रास्ते के एक छोटे गड्ढे के झटके ने इस नैन मिलाप में अवांछित व्यवधान उत्पन्न कर दिया। आदतन मोहन फिर झेंप गया और साईकिल तेज कर दी और चाचा जी से आगे निकल गया। ससुराल जब पहुंचने को हुआ तो फिर साईकिल धीमी कर दी और उनके पीछे ससुराल के आंगन में प्रवेश किया।
आज शादी को करीब दो सप्ताह बीत चुके थे। इससे पहले तरणी और मोहन को शादी के तीसरे दिन ही उसका भाई कुछ नेग-नियम के लिए लेने आया था। तब मोहन बहुत अनमना सा रहता था लेकिन आज तो बहुत खुश लग रहा था। सभी बड़ों को चरणस्पर्श करने के बाद उसने सबसे खुशनुमा तरीके से बात भी की। पिछली बार तरणी की जो सहेलियाँ नए जीजाजी से मिलने आयी थीं उन्हें करमी ने मना कर दिया था कि उन्होंने इन दो-तीन दिनों में मुझसे ही बात नहीं की तो तुमसे क्या बात करेंगे। आज मोहन से गाँव की दादियाँ मजाक कर रहीं थीं तो मोहन भी सौम्यता से हँसकर उनको जवाब दे रहा था। सभी संबंधी उसके मधुर व्यवहार पर रीझ गए थे और बोल रहे थे कि-"पढ़े लिखे लड़के की बात ही कुछ और होती है।" अपने पति की तारीफ सुन करमी का मन इतराने को करता था लेकिन ससुराल में मोहन की उपेक्षा का दर्द उसे ऐसा करने से मना करता था। वैसे भी मोहन ने सबसे बात तो की, उसकी सहेलियों से भी परिचय हुआ, हल्की फुल्की ठिठोली भी हुई लेकिन तरणी से उसकी बात खुलकर अभी भी नहीं होती थी ।
दो दिन हँसी-खुशी ससुराल में बिताने के बाद मोहन जब वापस जाने को हुआ तो उदास खड़ी तरणी के पास गया और बोला-"कल भर्ती ऑफिस में जाना है। कुछ काम है। चलता हूँ। शायद तुम्हारे मायके से ही तुम्हें कोई पहुंचा जाएगा।"
तरणी और कुछ सुनना चाहती थी लेकिन मोहन जल्दबाजी में मुड़ गया और सबको प्रणाम पाती कर साईकिल उठा चलने को तत्पर हो गया। आंगन में तरणी की माँ अपने दामाद की बलाएँ उतार रही थीं। डीह बाबा और देवी माँ से दामाद के सकुशल यात्रा की प्रार्थना कर रही थीं और विदाई के नाम पर शगुन के कुछ पैसे मोहन की जेब में जबरदस्ती डाल रही थीं। तभी मोहन की नजर मिट्टी के दीवाल के झरोखे पर गयीं, जहां से तरणी उसको एकटक डबडबायी आंखों से देख रही थी। मोहन से रहा न गया, उसने साइकिल के कैरियर पर अपना बैग ठीक से कसा, संदेश वगैरह के झोले हैन्डल में लटकाये और पैडल मारकर आँगन से निकल गया। वह पूरी तरह पलटकर देखने का साहस नहीं कर पा रहा था फिर भी उसने आधा पलटकर देखा तो कोई दरवाजे से निकलकर आँगन की भागता सा प्रतीत हुआ। गाँव की पगडण्डी के छोर पर पहुँच कर उसने एक बार और ससुराल की तरफ देखा। सास के पीछे उसे तरणी खड़ी दिखी।
कुछ डेढ़ सप्ताह बाद ससुराल वालों ने संदेश भिजवाया की तरणी को आकर ले जाईये तो मोहन बोल उठा-"जब लेने के लिए वो आये थे तो पहुंचाने भी उन्हीं को आना चाहिए ना।"
उसकी माँ बोली-"बेटा, नियम है कि मायके वाले विदा करा ले जाते हैं लेकिन लाने के लिए ससुराल वालों को ही जाना पड़ता है।"
इसबार बिना ज्यादा ना-नुकुर किये मोहन अपनी पत्नी को लाने ससुराल चला गया। उसने पहले की तरह इसबार भी सबका दिल जीत लिया। रात के खाने में गाँव के कुछ खास सगे संबंधी भी आये थे। उनके साथ देश दुनिया, शास्त्र आध्यात्मिक जैसे विविध विषयों पर चर्चा करते हुए और खाना खाते हुए काफी रात बीत गयी थी। मोहन अभी सोने ही गया था तो उसकी सास और तरणी उसके पास आये। तरणी गुमसुम थी बस सासू माँ से थोड़ी बहुत घर परिवार की बातें हुईं। फिर वो दामादजी को "आराम" करने बोल कमरे से जाने लगीं। उसके पीछे तरणी भी तेजी से कमरे से बाहर चल पड़ी और दरवाजा 'ढप' करती गयी। मोहन उसे जाते हुए एकटक देखता रहा लेकिन तरणी ने मुड़कर नहीं देखा। मोहन समझ गया कि वो नाराज है, फिर धीमे से अपने आप में मुस्कुराया और चादर खींच ली।
सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए हुए थे और बीच-बीच में झींसी बारिश भी हो रही थी। जब तरणी उसके लिए नाश्ता लेकर आई तो वो उससे कुछ कहना चाह रहा था लेकिन उसके साले साहब पास ही थे तो तरणी भी अनजान बुत सी बनी बैठी थी। दोपहर के खाने के बाद तरणी को अपने पति के साथ ससुराल जाना था। पानी के आसार को देखते हुए तरणी के मायके वाले बहुत दुविधा में थे कि ऐसे खराब मौसम में बेटी को कैसे विदा करें। इस बीच एक आध बार आँधी झंझावात के साथ रपटदार बारिश भी हुई । तीन बजे के बाद बादल फट चुके थे और मौसम कुछ साफ हो चला था। लेकिन तरणी के चेहरे पर घटाटोप अँधेरा छाया हुआ था। ससुराल से मायके आते समय उसके चेहरे पर जो रौनक थी आज उसके उलट वह काफी दुःखी और चिंतित लग रही थी।
उसकी माँ ने बेटी की बलाएँ उतारीं, खोयचा भरा फिर इष्टदेव, देवी माँ और ग्रामदेवता को याद किया। नम आंखों से बेटी को विदा करते समय लगभग रुआँसी हो चुकी माँ बेटी के मुखड़े को बार बार चूम रही थी। फिर बेटे के टोकने पर कि अब जाने दो नहीं तो इनको घर पहुंचने में ज्यादा शाम हो जाएगी, वह तुरंत ही संभल गयी। मोहन ने सबको प्रणाम किया और सबसे विदा ली।
आस निराश का भाव मन में लिए, अपनी डबडबाई आंखें नीची किये हुए वो मोहन के पीछे पीछे घसीटते हुए कदमों से चली जा रही थी। मोहन साईकिल धकेलता हुआ आगे आगे गली में चुपचाप चला जा रहा था। अड़ोस-पड़ोस की महिलाएँ अपने आँगन की देहली से उसे देख रहीं थीं लेकिन उसकी नजर उठ ही नहीं रही थी। तभी किसी रिश्ते की दादी ने उनको टोका कि "ऐसे साईकिल को धकेलते ही घर तक चले जाओगे या उसपर बैठोगे भी।" मोहन झेंपते हुए साईकिल की सीट पर बैठ गया और तरणी को पिछली कैरियर पर बैठने का इशारा किया। बहुत से लोगों की नजरें उनपर थी तो लाज की गुड़िया बनी सुकुचाती हुई वह कैरियर पर बैठ तो गई लेकिन एकदम किनारे पर। इसपर फिर उसी दादी ने फिर ठिठोली किया-"ठीक से अपने आदमी को पकड़ कर बैठ पोती, नहीं तो गढ़ा-ढीपा आने पर गिर जाओगी।"
तरणी बस थोड़ा सा हिली जैसे आगे सरक रही हो।
कुछ देर बाद ये नवविवाहित जोड़ा दो गाँव पार कर चुका था। अभी तक तरणी ने एक शब्द भी नहीं बोले थे। हाँ, मोहन तीन-चार बार उससे पूछ चुका था-"ठीक से बैठी हो न?" एक दो बार तो साईकिल रोक कर उसने कन्फर्म भी किया। अभी उन्होंने आधा रास्ता भी तय नहीं किया था कि फिर से आसमान काले बादलों से ढंक गया। अचानक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गयी। मोहन हड़बड़ी में साईकिल तेज हाँक कर सड़क के किनारे के एक बड़े बकाइन के पेड़ के नीचे ले गया। दोनों आंशिक रूप से भीग चुके थे।पेड़ के पत्तों से बारिश का कुछ पानी तो रोक लिया गया था पर कुछ बड़ी बूंदें पत्तों टहनियों से ढलक कर उनके ऊपर पड़ रही थीं। तरणी ने छतरी खोल कर सर के ऊपर कर लिया और मोहन से कुछ दूर चुपचाप खड़ी थी। मोहन को पेड़ से रिसते पानी की बूंदों से भीगते और सिहरते देख वो उसके करीब आई। उसने आधी छतरी उसकी तरफ कर दिया। नतीजतन दोनों आधे आधे भीगने लगे। मोहन इतने दिनों बाद प्यार भरे धीमी आवाज में बोला-"तुम छतरी अपनी तरफ ही रखो। ऐसे में तो दोनों भीग जाएंगे। फिलहाल तुम तो मेरे साथ मत भींगो।"
तरणी जैसे उसकी बात को अनसुनी कर उसके और करीब आ गयी जिससे मोहन के सीने के पास उसके कंधे छूने लगे थे। मोहन उसकी छुअन से दूर रहने के लिए पीछे हटा। तरणी ने प्रश्नवाचक मासूम आंखों से उसे देखा तो मोहन भी सामान्य होने की कोशिश करने लगा। दोनों थोड़ी देर यूँ ही गुमसुम रहे। तब मोहन ने बात छेड़ी-"मालूम है तुम्हें मायके छोड़कर जब अगले दिन बहाली ऑफिस गया था तो क्लर्क बाबू ने एक अच्छी बात बताई।" तरणी के आंखों में उत्सुकता को पढ़ वो आगे बताने लगा-"बाबू बोला कि इसबार मेरा सिलेक्शन हो जाएगा। मेरे साथ दौड़ की प्रैक्टिस करने वाले साथी भी बोल रहे थे कि इस बार जॉइनिंग लेटर तो आएगा ही। अखाड़े वाले बाबा को ये बात बताई तो वो बोले बजरंगबली की कृपा तो तुम्हें प्राप्त होनी ही थी, ये सब तुम्हारे मंगलवार और शनिवार के फलाहार व्रत का प्रताप है। उन्होंने ये भी बोला कि अब तुम्हारी शादी हो गयी है, अपने गृहस्थ जीवन पर ध्यान देना।"
तरणी सिर झुकाए चुपचाप सुनती जा रही थी और पैर के अंगूठे से गीली जमीन कुरेदती जा रही थी। उसकी कुछ प्रतिक्रिया न देख मोहन उसकी बाजू को धीरे से झकझोर कर उसके कानों के पास अपना मुँह ले जाकर बोला-"सुन तो रही हो ना।" तरणी के पति ने इस तरह पहली बार उसके बाजू पकड़े थे और वह उसकी सांसों की गर्मी भी अपने कान और चेहरे पर महसूस कर रही थी। उसे कुछ न सूझा तो वह अपने पति से लिपट गयी। अब बारिश बंद हो चुकी थी, हवाएं भी शांत होने लगी थीं। मोहन ने जब साईकिल पर तरणी को बैठने का इशारा किया तो वह सहज होकर बैठी और पीछे से उसने चूड़ियों से भरी दाहिनी कलाई उसके कमर के इर्द-गिर्द लपेट दिया।
"माँ, खाना निकालो न। और कितनी देर दीवाल की रंगाई में लगी रहोगी।" रूबी के झिंझोड़ने पर वह अपने यादों के संसार से बाहर आ गयी। वह झटपट बिटिया के लाये पानी के बाल्टी से एक लोटा पानी निकालकर मुँह हाथ धोने लगी और बोली-"जा दादीमाँ को भी छोटी काकी जी के यहाँ से बुला ला। तबतक मैं सबके लिए खाना काढ़ती हूँ।" घर के अंदर चूल्हे के पास कुछ उबले हुए आलू और एक सिंका हुआ बड़ा बैंगन था। वह उनके छिलके उतारने लगी। उसने दाल के पतीले को गर्म होने के लिए चूल्हे पर चढ़ा दिया और आलू-बैंगन को बड़े गोल कटोरे में डाल उसमें नमक, मिर्च, कटे प्याज डाला और मसलने लगी। उसकी सास घर में दाखिल होती हुई बोली-"आज छोटी ने जिद करके उधर ही खाना खिला दिया। मैंने बहुत बोला कि बड़की ने मेरे लिए खाना बनाया है पर वो नहीं मानी। बेटी मेरे लिए खाना मत निकलना।" उसके करीब आकर एक कड़ाही का ढक्कन उठा कर तरणी को दिखाते हुए उसकी सास ने कहा- "बेटी, तुम दसई की रंगाई में उलझी थी तो मुझे मालूम था कि तुम आज दाल-भात-चोखा बनाओगी। तो मैंने पेड़ से मुनगा साग तोड़ कर उसे भूंज दिया है। तुम्हें बहुत पसंद है न बेटी।" तरणी ने सिर हिलाकर कहा-"जी, माँ।"
वह रूबी को हाँक लगाने ही वाली थी कि बाहर से उसकी आवाज आई-"माँ, जल्दी बाहर आओ।" तरणी अंदर से ही बोली-" अरे क्या हुआ बेटा, अंदर आ जा। खाना निकल चुका है।" रूबी दौड़ती हुई घर के अंदर आयी और माँ को लगभग खींचती हुई बोली-" बाहर चलो न। जल्दी चलो।"
दरवाजे से बाहर आते ही तरणी ने देखा कि मोहन एक हाथ में फौजी बक्सा-पेटी लिए और दूसरे हाथ में अपने बेटे का हाथ पकड़े चारदीवारी के लकड़ी के गेट को सरका कर आँगन में दाखिल हो रहा है।
रूबी दौड़ कर बाप के पीठ पर लटकने लगी। तरणी आँचल का पल्लू मुँह में लेकर धीरे धीरे मुस्करा रही थी। तभी दादी बाहर आती बोल पड़ी -"अरे मेरे बेटा आ गया। मेरा पोता भी आ गया। बहू तो बता रही थी कि तुमने चिट्ठी में लिखा था कि छुट्टी मिलने में दिक्कत हो रही है। सब देवी माँ की कृपा है, सोहराई परब बेटे-पोते के साथ में मनाने के लिए मैंने उनसे बहुत अरदास की थी।"
मोहन ने माँ के पैर छुए और बोला-"हाँ, माँ शुरू में दिक्कत तो हुई पर बाद में बड़े साहब के पास अर्जी की पेशी में गया तो उन्होंने छुट्टी मंजूर कर दिया। ट्रेन से उतरकर सीधा बबलू के हॉस्टल गया और उसकी भी छुट्टी कराकर साथ लेता आया "
कुछ पल बाद चार लोग साथ में खाना खाने बैठे थे। पास में खाट पर बैठी सास कभी बेटे, कभी पोते-पोती, कभी बहु को देखकर ईश्वर का धन्यवाद करती जाती थी। तरणी के चेहरे की आभा, उल्लास और दमक देखने लायक थी। मोहन और उसकी बिटिया एक ही थाल में खाना खा रहे थे। बबलू को खाने के कौर बना कर खिलाती तरणी कनखी से मोहन को देखती जाती थी और मंद मंद मुस्कुराती जाती थी। उसके हाथ का खाने का निवाला बबलू की मुँह की जगह गाल से छू गया तो मुँहफट चुलबुली रूबी बोल उठी-"अरे माँ, भैया को ठीक से खाना खिलाओ न। उसके नाक-कान में खाना डालोगी क्या। ध्यान किधर है तुम्हारा।" उसकी इस बात पर सभी खिलखिलाकर हँस पड़े थे।
*****इति*****